सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

#Nitish को समझना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है



बिहार की राजनीति एक बार फिर से करवट ले रही है। महागठबंधन के नेताओं के रोज आ रहे नए-नए बयान सुर्खियां बन रहे हैं। आम के मौसम में जनता परिवार के बीच खटास बढ़ती जा रही है। हर एक बयान के बाद डैमेज कंट्रोल की कोशिश हो रही है तब तक एक नया बयान आ जाता है। रिश्‍ते तल्‍ख हो रहे हैं और बदलाव की आहट हर रोज सुबह के साथ महसूस हो रही है और शाम को फिर समन्‍वय की कोशिश हो रही होती है। छटपटाहट सभी को है पर पहल कौन करे। जाहिर है पहल नीतीश कुमार को ही करनी होगी क्‍योंकि लालू यादव ऐसा करने से रहे। केंद्र के बाद अब वे किसी भी कीमत पर बिहार की सत्‍ता से विमुख होना नहीं चाहेंगे।

ऐसा नहीं है कि महागठबंधन में आई दरार का एकमात्र कारण राष्‍ट्रपति चुनाव ही है। इसकी खिचड़ी तब से पक रही थी, जब नीतीश कुमार को यह भान हो गया कि लालू प्रसाद यादव के साथ सरकार चलाने में उनकी ही मिट़टी पलीद होनी है। उनकी ही छवि को बट़टा लगेगा, क्‍योंकि लालू यादव जो कर रहे हैं वो उनके लिए नैसर्गिक है। उनका वोट बैंक भी यही चाहता है। इसलिए उन्‍हें कोई नुकसान नहीं है। नुकसान हर हाल में नीतीश कुमार को ही होना है। पिछले चुनाव में भी उन्‍हें कोई खास फायदा नहीं हुआ था। महागठबंधन का फायदा लालू प्रसाद और कांग्रेस ने ही उठाया। #Nitish को तो 30 से अधिक सीटों का भारी नुकसान ही हुआ था।

पहले सर्जिकल स्‍ट्राइक और फिर नोटबंदी का समर्थन नीतीश कुमार ने यूं ही नहीं किया था। यह सब रणनीति के तहत किया गया ताकि आगे की राह आसान हो जाए। नोटबंदी के बाद नीतीश कुमार ने बेनामी संपत्ति के खिलाफ कानून बनाने के लिए केंद्र सरकार को ललकारा था। जानकार बताते हैं कि वो ललकार केंद्र के लिए नहीं, लालू प्रसाद के लिए थी। लालू प्रसाद के परिवार पर बेनामी संपत्ति के नए और कठोर कानून की गाज गिर ही गई। नीतीश के ही ललकार पर केंद्र ने बेनामी संपत्ति के खिलाफ कठोर कानून बनाया और लालू प्रसाद के परिवार की एनसीआर व देश में कई जगहों पर संपत्तियां जब्‍त कर ली गई। अब जो लालू प्रसाद और उनकी पार्टी की बौखलाहट सामने आ रही है, वो भी राष्‍ट्रपति चुनाव को लेकर नहीं, बल्कि बेनामी संपत्ति जब्‍त होने के विरोधस्‍वरूप है। इसी बीच खबर आई कि सरकार अस्‍पताल के डॉक्‍टरों ने लालू के घर जाकर कई दिनों तक इसलिए इलाज किया, क्‍योंकि तेजस्‍वी यादव स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री हैं। इन मुद़दों को लेकर भी नीतीश असहज होते चले गए। वे कुछ न बोलें पर रणनीतिक रूप से उन्‍होंने लालू प्रसाद को मात देने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। महागठबंधन रहेगा या टूटेगा, यह सिर्फ और सिर्फ नीतीश कुमार ही जानते हैं और वे ही इसे बरकरार रख सकते हैं या तोड़फोड़ कर सकते हैं। दरअसल दोनों पक्ष एक-दूसरे के विरोध की पराकाष्‍ठा का इंतजार कर रहे हैं। खबर है कि राष्‍ट्रपति चुनाव में कांग्रेस और राजद के कुछ विधायक क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो यह महागठबंधन की कब्र में आखिरी कील साबित होगा। उससे पहले जीएसटी को भी नीतीश कुमार ने समर्थन दे दिया है और 30 जून की रात को संसद के सेंटल हॉल में आयोजित होने वाले समारोह में अपने सांसदों को शामिल होने से रोकने की कोई पहल नहीं की है। दूसरी ओर, कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल उस समारोह का बहिष्‍कार करने जा रहे हैं।

हां, राजनीति के जानकारों को एक बात हमेशा परेशान करती रहेगी कि जब नीतीश को रास्‍ता अलग ही चुनना था तो उन्‍होंने सोनिया गांधी से विपक्षी एकता की पहल करने का आग्रह क्‍यों किया था। उसके बाद सोनिया गांधी के भोज में नीतीश कुमार शामिल नहीं हुए और अगले ही दिन वे प्रधानमंत्री के भोज में शामिल हो गए। उनका एक कदम आगे और दो कदम पीछे वाली रणनीति सभी को स्‍तब्‍ध किए हुए है। खुद सोनिया गांधी भी नीतीश कुमार के चकमे से हैरान-परेशान हैं। समय के साथ नीतीश कुमार यह भेद खोलेंगे या फिर शायद इतिहासकार इसका अध्‍ययन कर निष्‍कर्ष निकाल पाएं।

बहरहाल, बिहार की राजनीति इस समय चर्चा में है। देखना यह होगा कि नीतीश कुमार ने लंगड़ी मारी और एनडीए में हो लिए तो फिर जीतनराम मांझी, पप्‍पू यादव आदि नेताओं का क्‍या होगा। जाहिर है पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मांझी को मसीहा करार दिया था। पप्‍पू यादव जेड प्‍लस की सुरक्षा लिए घूम रहे हैं। उपेंद्र कुशवाहा की रणनीति क्‍या होगी, क्‍योंकि नीतीश कुमार से अलग होकर उन्‍होंने रालोसपा बनाई थी। खुद भाजपा के वे नेता जो नीतीश कुमार से दूरी बनाए रहते थे, उनका क्‍या होगा। सबसे बड़ा सवाल, शरद यादव का क्‍या होगा, क्‍योंकि वे अब एनडीए के साथ उतने सहज महसूस नहीं कर रहे या नीतीश करने नहीं दे रहे। अब शरद यादव का वो कद नहीं रह जाएगा, जो पहले होता था क्‍योंकि वो कद अब नीतीश खुद लेना चाहेंगे। कहीं ऐसा न हो कि शरद यादव अगले जार्ज फर्नांडिस बन जाएं। आगे देखते जाइए, समझते जाइए कि राजनीति‍ भी क्‍या चीज होती है।

टिप्पणियाँ

  1. नीतीश कुमार सिर्फ बिहार की ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी अहम स्थान रखते हैं। नीतीश के इस कदम से दूरगामी बदलाव का संदेश दिख रहा है।

    जवाब देंहटाएं
  2. सही लिखा है। नीतीश के केंद्र समर्थक बोल से महागठबंधन की नींव हिलने लगी हैं।वो जनता परिवार के साथ असहज महसूस कर रहे हैं। नीतीश की अगली रणनीति ही निर्धारित करेगी कि महागठबंधन रहेगा या महाविखंडन में तब्दील हो जाएगा।

    जवाब देंहटाएं
  3. इस टिप्पणी को लेखक द्वारा हटा दिया गया है.

    जवाब देंहटाएं
  4. Nitish is very good politician and i m agree that unko samjhana muskil hai. His life is a lesson.

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

#gaurilankesh : मौत हो तो ऐसी

मौत हो तो ऐसी। एक मिनट पहले तक जिन्हें कर्नाटक के बाहर बहुत अधिक नहीं जाना जाता था, उन्हें मरते ही पल भर में अनंत शोहरत हासिल हो गई। जगह-जगह मातमनुमा उल्लास-उत्सव मनाया जाने लगा। पिघलती मोमबत्तियां अगाध श्रद्धांजलि का भाव पैदा करने लगीं। देश की राजधानी दिल्ली में मातमपुरसी का आयोजन कर राजनीति की रोटियां सेंकी गईं और तमाम सेलिब्रिटी ने अपने जौहर दिखाए। क्या करें भाव भले मातम का न हो, माहौल तो मातम का था न। #gaurilankesh कर्नाटक की पत्रकार की हत्या की खबरें टीवी पर कुछ यूं फ्लैश की गईं: कर्नाटक की पत्रकार #gaurilankesh की हत्या, गौरी हिन्दूवादी राजनीति की धुर विरोधी थीं और भाजपा की नीतियों का विरोध करती थीं। मेरे दस साल के कैरियर में खबर फ्लैश करने का यह नया और आधुनिक तरीका लगा। गौरी लंकेश के बारे में यही पूरी जानकारी थी और उन्हें इससे अधिक समझने का मौका न तो मानस को दिया गया और न ही पत्रकारों ने खुद इसमें अपनी दिलचस्पी दिखाई। मुझे भी उनके बारे में बहुत अधिक जानकारी नहीं थी। लगा कि किसी महिला की हत्या कर दी गई होगी। मुझे क्या पता था कि इसमें बहुत मसाला है और इतना मसाला है कि स...

दिल्ली में हिंसा का 'सालाना जलसा'

दिल्‍ली में हिंसा अब सालाना जलसे की तरह हो गई है. पिछले साल नागरिकता कानून के नाम पर दिल्‍ली को भड़काया गया तो इस बार किसान आंदोलन के नाम पर दिल्‍ली को दहलाया गया. संभव है कि अगले साल कोई और बहाने से किसी और को आगे कर अपना उल्‍लू सीधा किया जाए. कुल मिलाकर सरकार को नवंबर के बाद सचेत हो जाना चाहिए, क्‍योंकि इसकी क्रोनोलॉजी समझना बेहद जरूरी है. वो तो खैर मनाइए कोरोना महामारी का कि दिल्‍ली का दंगा कंट्रोल हो गया, नहीं तो हम वो देखने वाले थे, जो कभी सोच भी नहीं सकते थे. ये जो तस्‍वीरें आप देख रहे हैं, वो आपको विचलित करने के लिए काफी हैं. गणतंत्र दिवस जैसे गौरवशाली दिन, जब हमें दुनिया को अपना गौरव दिखाना होता है, उस दिन को आंदोलन के नाम पर राष्‍ट्रीय शर्म बना दिया गया. एक तरफ जवान दुनिया के सामने अपना फौलादी इरादा जाहिर कर रहे थे तो दूसरी ओर, दिल्‍ली को दहलाने के लिए कुछ साजिशें कुछ कर गुजरने के लिए बेकरार हो रही थीं. तभी तो तय समय से पहले कई जगहों पर दिल्‍ली पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की खबरें आने लगीं. यह पहले से तय था कि आज का दिन भारी साबित होने वाला है, फिर भी सरकार और दिल्‍ली पुलि...

हमले अच्छे हैं!

ये कैसा इत्तेफाक है कि जिस आतंकवाद (टेररिज्म) से फ्रांस इस पूरे साल त्रस्त रहा, वहीं पर टेररिज्म शब्द इजाद किया गया था। टेररिज्म लैटिन शब्द टेरर से बना है, जिसका अर्थ भयभीत करना होता है। दरअसल फ्रांस में 1793 से 1794 के बीच के शासन को रिजिन ऑफ टेरर कहा जाता है। उस समय फ्रांस पर जैकोबिन का शासन था। उसके शासन को गाली देने के लिए तब के लोग इस शब्द का प्रयोग करने लगे। इस शब्द को और चर्चा उस समय मिली, जब 1869 में रूस के सर्गेई नेकावेव ने खुद पीपल्स रिट्रीब्यूशन की स्थापना कर खुद को टेररिस्ट घोषित कर लिया। यह वह वर्ष था, जब हमारे राष्ट्रपिता और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी पैदा हुए थे। आज टेररिज्म शब्द अंतरराष्ट्रीय पटल पर काफी मशहूर शब्द है। क्यों? क्योंकि अब शक्तिशाली और दादा कहे जाने वाले देश भी इससे भयभीत हो चले हैं। पहले उनके लिए इस शब्द का कोई अर्थ ही नहीं था, क्योंकि आतंकवादियों की पहुंच इन तक नहीं थी लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय आतंक के गुरु ओसामा बिन लादेन ने अमेरिका जैसे शक्तिशाली देश पर भी हमला बोल दिया तब माना गया कि आतंकवाद जैसा भी कुछ होता है। विश्व बिरादरी में हाहाकार मच गय...