सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

अपने अपने #Ambedkar



ये #Ambedkar के रूप हैं या उनकी प्र‍तीक के टुकड़े। सबके अपने दावे और दलीलें हैं, सबके पास तर्क-कुतर्क है, सबके पास इतिहास की अपनी तरह की व्‍याख्‍या भी है। अच्‍छी बात यह है कि देश के कायदे-कानून बनाने वाले के प्रति सम्‍मान है और उस प्रतीक को हथियाने की होड़ है पर गलत यह है कि अंबेडकर को टुकड़ों में बांटा जा रहा है, जबकि वे एक समग्र हैं। अंबेडकर साहब कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी, कम्‍युनिस्‍ट पार्टियां और अन्‍य क्षेत्रीय दलों के लिए एक साथ मुफीद कैसे हो सकते हैं। उनकी समग्रता का आलम तो देखिए कि कल पैदा हुईं और नए जमाने की राजनीति का दावा करने वाली पार्टियां भी उन्‍हें अपना बता रही हैं। सभी पार्टियों का आजकल एक ही नारा है- अंबेडकर हमारे, बाकी सब तुम्‍हारे।

इस बार भारत रत्‍न बोधिसत्‍व बाबा साहब डा भीमराव अंबेडकर साहब की जयंती कुछ खास रही। सभी पार्टियों को स्‍थानीय स्‍तर तक जाकर बाबा साहब के जन्‍मदिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन करना पड़ा। ये सब अचानक नहीं हुआ। पिछले एक साल से इस पर कवायद चल रही थी। दरअसल, सत्‍ता में आने के बाद जिस तरह भारतीय जनता पार्टी और नरेंद्र मोदी की सरकार ने हांसिए पर छोड़ दिए गए प्रतीकों को हथियाना शुरू किया है, उससे विपक्षी दलों में एक डर का भाव था कि कहीं सरकार अंबेडकर साहब को भी प्रतीकात्‍मक रूप से अपने पाले में न कर ले। इसलिए बड़ी से बड़ी, पुरानी से पुरानी और छोटी से छोटी पार्टियों को भी मजबूरन अंबेडकर साहब की जयंती पर खासी सक्रियता दिखानी पड़ी। केंद्र सरकार के दबाव में इस बार संयुक्‍त राष्‍ट्र संघ को भी बाबा साहब का जन्‍मदिवस मनाने के लिए बाध्‍य होना पड़ा। अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर इसे बढ़ती ताकत के रूप में भारत की स्‍वीकार्यता के रूप में देखा जा रहा है। मुख्‍य विपक्षी दलों के प्रवक्‍ता टीवी पर यह दलील दे रहे थे कि अगर अंबेडकर कांग्रेसी नहीं होते तो उन्‍हें संविधान सभा की ड्राफि़टग कमेटी का मेंबर क्‍यों बनाया जाता। अब कांग्रेस तो कांग्रेस ही ठहरी। उसके नेताओं को लगता है कि कांग्रेस से अंबेडकर की पहचान है। देश की सबसे पुरानी पार्टी का हश्र देखकर भी प्रवक्‍ता और नेता नहीं चेत रहे हैं तो क्‍या कहा जाए।

सबसे बड़ी पार्टी के बाद बात करते हैं नईनवेली पार्टी का। इस पार्टी के सर्वेसर्वा अरविंद केजरीवाल का कहना है कि मोदी जी, आप अपने पास सावरकर रखिए और अंबेडकर को हमारा रहने दीजिए। नए जमाने की राजनीति करने वाले घिसी-पिटी कांग्रेस की भाषा बोल रहे हैं। अंबेडकर साहब के रूतबे से किसे इनकार है पर इसका मतलब यह तो नहीं कि बाकी सभी को छोड़ दिया जाए। नईनवेली पार्टी का जिक्र कर रहे हैं तो ओवैसी साहब की पार्टी की गतिविधियां भी तो परखनी होंगी। उत्‍तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में आेवैसी साहब की पार्टी ने अंबेडकर साहब का जन्‍मदिवस धूमधाम से मनाया। जरा जरा सी बात पर इस्‍लाम पर खतरा बताने वाले आेवैसी साहब बताएं कि कैसे अंबेडकर साहब के चित्र पर माल्‍यार्पण कर उनका जन्‍मदिवस मनाया गया। राजनीति जो न कराए, कम है। राजनीति ही है कि समाजवादी भी इस बार अंबेडकर साहब के जन्‍मदिवस मनाने निकले।

खुद को दलित राजनीति की पुरोधा साबित करने वाली बसपा प्रमुख मायावती ने तो अंबेडकर जयंती पर हमेशा की तरह बाकायदा लखनऊ में रैली की और केंद्र सरकार के अलावा कांग्रेस पर भी हमला बोला। अपनी सरकार के दौरान ऊंचे आसन, चरणों में अफसरों को स्‍थापित करने वाली, कथित रूप से दलितों की सरकार में बाबू लाल मरांडी, नसीमुद़दीन सिददीकी, सतीश मिश्रा, यादव सिंह पर मेहरबान रहने वाली मायावती खुद को दलित राजनीति में पहले पायदान पर स्‍थापित कर चुकी हैं। दुनिया जानती है कि तीन-चार बार की उनकी सरकार के बाद भी आम दलितों के हालात में बहुत अधिक परिवर्तन नहीं हुए। शायद दलित भी उनकी कार्यशैली को समझ  गए, इसलिए तो लोकसभा चुनाव में उन्‍हें निल बटे सन्‍नाटा से नवाज दिया। हालात यह हैं कि लोकसभा में छींक मारने के लिए भी उनका एक सांसद नहीं है।

अब बात करते हैं उस पार्टी की, जिसके चलते इन पार्टियों को मजबूरन अंबेडकर साहब की जयंती इतने बड़े पैमाने पर मनाने के लिए बाध्‍य होना पड़ा। कम से कम इस काम के लिए केंद्र सरकार बधाई की पात्र है। जी हां, केंद्र में सत्‍तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने जिस तरह प्रतीकों को हड़पना शुरू किया है, उससे बाकी पार्टियां स्‍तब्‍ध हैं। नेहरू कैबिनेट में दूसरे नंबर के मंत्री रहे वल्‍लब भाई पटेल अब कांग्रेसी नहीं रहे। मोदी सरकार ने उनका भाजपाकरण कर दिया है। जगजीवन राम पर केंद्र सरकार ने नोएडा में बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर बड़ा संदेश देने की कोशिश की। जयप्रकाश नारायण को लेकर भी उसी तरह की कवायद हुई। और अब अंबेडकर साहब....। 80 के दशक में भारतीय जनता पार्टी ने बाबा साहब को हिन्‍दू विरोधी बताया था और अब वे उसी पार्टी के सबसे बड़े आदर्श हो गए हैं।

दोष एक पार्टी का नहीं है। समय के साथ सबके भाव और विचार बदले हैं या बदल रहे हैं। हालांकि ये कहना भी गलत नहीं होगा कि दोष अंबेडकर साहब का ही है कि उनका व्‍यक्तित्‍व इतना विशाल और समावेशी हो गया कि सभी पार्टियां उनमें एडजस्‍ट करती जा रही हैं। सीमांत लोगों तक सरकार की व्‍यवस्‍था पहुंचे, इसके लिए उन्‍होंने संविधान में पर्याप्‍त व्‍यवस्‍थाएं कीं। वंचित वर्ग को शिक्षा, समानता और स्‍वतंत्रता मिले, इसके लिए वे हमेशा से संघर्षरत रहे।  फिलहाल सबके अपने अपने अंबेडकर हैं पर अंबेडकर के लिए सभी अपने हैं। करनी से न सही, कथनी से ही अंबेडकर को इतनी विशालता देने के लिए कम से कम राजनीतिक दलों का तो देश आभारी हो ही गया है। इतने व्‍यापक पैमाने पर अंबेडकर साहब कभी सामयिक नहीं रहे। बैनर अलग थे पर कार्यक्रम एक सा था और कार्यक्रमों का उद़देश्‍य भी समान थे। ये तो आपको भी मानना पड़ेगा कि हमारे राजनीतिक दलों के उ़ददेश्‍यों में इतनी समानता कैसे आई। हालांकि ये नई बात नहीं है पर इस पर चर्चा तो की ही जा सकती है। 

टिप्पणियाँ

  1. अम्बेडकर होते तो अपनी खींचतान पर रोते। अच्छा लिखा है आपने।

    जवाब देंहटाएं
  2. अम्बेडकर होते तो अपनी खींचतान पर रोते। अच्छा लिखा है आपने।

    जवाब देंहटाएं
  3. अंबेडकर की विरासत पर सियासत शुरू हो गई। जय भीम कहने वाले लोगों को शायद पता हो कि बाबा साहब ने हिन्दू धर्म नहीं बदला। खुद को उनका पैरोकार बताने वाले अपने ही धर्म से गद्दारी करने में लगे है।।


    भाई साहब अच्छे विचार

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

#gaurilankesh : मौत हो तो ऐसी

मौत हो तो ऐसी। एक मिनट पहले तक जिन्हें कर्नाटक के बाहर बहुत अधिक नहीं जाना जाता था, उन्हें मरते ही पल भर में अनंत शोहरत हासिल हो गई। जगह-जगह मातमनुमा उल्लास-उत्सव मनाया जाने लगा। पिघलती मोमबत्तियां अगाध श्रद्धांजलि का भाव पैदा करने लगीं। देश की राजधानी दिल्ली में मातमपुरसी का आयोजन कर राजनीति की रोटियां सेंकी गईं और तमाम सेलिब्रिटी ने अपने जौहर दिखाए। क्या करें भाव भले मातम का न हो, माहौल तो मातम का था न। #gaurilankesh कर्नाटक की पत्रकार की हत्या की खबरें टीवी पर कुछ यूं फ्लैश की गईं: कर्नाटक की पत्रकार #gaurilankesh की हत्या, गौरी हिन्दूवादी राजनीति की धुर विरोधी थीं और भाजपा की नीतियों का विरोध करती थीं। मेरे दस साल के कैरियर में खबर फ्लैश करने का यह नया और आधुनिक तरीका लगा। गौरी लंकेश के बारे में यही पूरी जानकारी थी और उन्हें इससे अधिक समझने का मौका न तो मानस को दिया गया और न ही पत्रकारों ने खुद इसमें अपनी दिलचस्पी दिखाई। मुझे भी उनके बारे में बहुत अधिक जानकारी नहीं थी। लगा कि किसी महिला की हत्या कर दी गई होगी। मुझे क्या पता था कि इसमें बहुत मसाला है और इतना मसाला है कि स...

दिल्ली में हिंसा का 'सालाना जलसा'

दिल्‍ली में हिंसा अब सालाना जलसे की तरह हो गई है. पिछले साल नागरिकता कानून के नाम पर दिल्‍ली को भड़काया गया तो इस बार किसान आंदोलन के नाम पर दिल्‍ली को दहलाया गया. संभव है कि अगले साल कोई और बहाने से किसी और को आगे कर अपना उल्‍लू सीधा किया जाए. कुल मिलाकर सरकार को नवंबर के बाद सचेत हो जाना चाहिए, क्‍योंकि इसकी क्रोनोलॉजी समझना बेहद जरूरी है. वो तो खैर मनाइए कोरोना महामारी का कि दिल्‍ली का दंगा कंट्रोल हो गया, नहीं तो हम वो देखने वाले थे, जो कभी सोच भी नहीं सकते थे. ये जो तस्‍वीरें आप देख रहे हैं, वो आपको विचलित करने के लिए काफी हैं. गणतंत्र दिवस जैसे गौरवशाली दिन, जब हमें दुनिया को अपना गौरव दिखाना होता है, उस दिन को आंदोलन के नाम पर राष्‍ट्रीय शर्म बना दिया गया. एक तरफ जवान दुनिया के सामने अपना फौलादी इरादा जाहिर कर रहे थे तो दूसरी ओर, दिल्‍ली को दहलाने के लिए कुछ साजिशें कुछ कर गुजरने के लिए बेकरार हो रही थीं. तभी तो तय समय से पहले कई जगहों पर दिल्‍ली पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की खबरें आने लगीं. यह पहले से तय था कि आज का दिन भारी साबित होने वाला है, फिर भी सरकार और दिल्‍ली पुलि...

हमले अच्छे हैं!

ये कैसा इत्तेफाक है कि जिस आतंकवाद (टेररिज्म) से फ्रांस इस पूरे साल त्रस्त रहा, वहीं पर टेररिज्म शब्द इजाद किया गया था। टेररिज्म लैटिन शब्द टेरर से बना है, जिसका अर्थ भयभीत करना होता है। दरअसल फ्रांस में 1793 से 1794 के बीच के शासन को रिजिन ऑफ टेरर कहा जाता है। उस समय फ्रांस पर जैकोबिन का शासन था। उसके शासन को गाली देने के लिए तब के लोग इस शब्द का प्रयोग करने लगे। इस शब्द को और चर्चा उस समय मिली, जब 1869 में रूस के सर्गेई नेकावेव ने खुद पीपल्स रिट्रीब्यूशन की स्थापना कर खुद को टेररिस्ट घोषित कर लिया। यह वह वर्ष था, जब हमारे राष्ट्रपिता और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी पैदा हुए थे। आज टेररिज्म शब्द अंतरराष्ट्रीय पटल पर काफी मशहूर शब्द है। क्यों? क्योंकि अब शक्तिशाली और दादा कहे जाने वाले देश भी इससे भयभीत हो चले हैं। पहले उनके लिए इस शब्द का कोई अर्थ ही नहीं था, क्योंकि आतंकवादियों की पहुंच इन तक नहीं थी लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय आतंक के गुरु ओसामा बिन लादेन ने अमेरिका जैसे शक्तिशाली देश पर भी हमला बोल दिया तब माना गया कि आतंकवाद जैसा भी कुछ होता है। विश्व बिरादरी में हाहाकार मच गय...