सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

चुनाव कोई वसंत ऋतु नहीं कि आमूलचूल बदलाव कर दे

आमूलचूल बदलाव के मौसम वसंत ऋतु उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में एक और बदलाव की गवाह बन सकती है। वसंत के साथ-साथ यह चुनावी मौसम भी है। इस समय नेता जनता के दर पर हैं। रैलियां चरम पर हैं। हेलीकॉप्टर धूल का गुबार उड़ाते उतर रहे हैं और कुछ ही मिनटों में नेताओं की बकैती के बाद फिर आसमानी सैर पर निकल पड़ते हैं। जिन नेताओं को आम दिनों में जिला मुख्यालयों या शहरों में आने की फुरसत नहीं मिलती, वे इस समय गांवों तक की खाक छान रहे हैं। कई ऐसे तहसील और कस्बे होंगे, जहां मुख्यमंत्री तो छोडि़ए मंत्री तक ना गए होंगे, वहां इस समय एक उड़नखटोला उड़ रहा है तो दूसरा उतर रहा है।



जनता इस समय जनार्दन है और नेतारूपी भक्त मन में एवमस्तु का वरदान पाने की लालसा में खाक छान रहे हैं। तरह-तरह के जुमले वादे का रूप लेकर सामने आ रहे हैं। पांच साला इस जलसे में उलट बयार सदा से बहती चली आ रही है। एक से एक वीआईपी गाड़ियां गांवों का रुख कर रही हैं। कम-अधिक विकास के छोटे-बड़े दावों को छोड़ दें तो मतदाताओं को प्रमोशन सिर्फ इस रूप में हुआ कि वे बैलेट पेपर पर ठप्पा लगाने के बदले ईवीएम पर बटन दबाने लगे। इसके अलावा एक और उपलब्धि रही कि अब उनके सामने नो च्वाइस यानी नोट का बटन भी दबाने का मौका हाथ आ गया है। बाकी सड़क, बिजली, पानी, आवास जैसे आधारभूत जरूरतें कल भी मुद्दा थीं और अब भी बरकरार हैं। हमेशा की तरह नेता जनता को बरगला रहे हैं कि सही प्रत्याशी का चुनाव करें। अब सवाल उठता है कि सही कौन है? किसके माथे पर सही का लेवल लगा हुआ है? एक बार चुन लिया तो फिर पांच साल का संताप। सही हो या गलत। बीच का कोई रास्ता नहीं है। लोकतंत्र के सुनहरे इतिहास के बाद भी हम अब भी इस तरह का कोई मैकेनिज्म नहीं बना पाए हैं कि चुनाव गलत हो गया तो उसे सुधारा जा सके। जनता को मौके एक बार हैं और नेताओं को गलती करने के लिए पांच साल। गब्बर अभी होता तो बोलता, कितनी नाइंसाफी है रे कालिया।

बसंत पंचमी से पहले शुरू हुआ चुनावी शोर उस समय खत्म होगा, जब हम फगुआ गा रहे होंगे और होली के रंग में सराबोर होंगे। तब किसी के रंग में भंग पड़ेगा तो कोई होली को दोगुने, तिगुने या जितने गुने कह लीजिए, उतने उत्साह से गुलाल उड़ाएगा। तब नवसंवत्सर शुरू होने का भी समय होगा। देखना यह है कि नवसंवत्सर किसके लिए नया सवेरा लेकर आता है। जो जीतेगा, उसके लिए नया सवेरा। जो हारेगा, वो कुछ दिनों की सुस्ती के बाद अपने धंधे-पानी में लग जाएगा पर जनता के लिए सब दिन एक समान। जनता तो रेडियो, टीवी, वेबसाइटों से चुनाव परिणाम जानकर खुश या दुखी होती रहेगी। चुनाव परिणाम आने के साथ ही जनता के लिए पांच साला संताप रिचार्ज हो जाएगा और उसकी वैलिडिटी अगले चुनाव तक होगी।

नई सरकार आएगी तो अपने हिसाब से या तो लोहिया, अंबेडकर, कांशीराम, दीनदयाल आदि महामानुषों के नाम पर अलंकृत योजनाओं की शुरुआत होगी। इन योजनाओं के बिना पर अगला आम चुनाव आ जाएगा। इन योजनाओं के बूते नेता लोग फिर जनता जनार्दन के सामने वोट रूपी भीख मांगने जाएगी। जनता को बरगलाया जाएगा, बहलाया जाएगा, फुसलाया जाएगा, भरमाया जाएगा, बेवकूफ बनाया जाएगा। आम चुनाव में बढ़त या झटका लगने पर योजनाओं की फिर से समीक्षा होगी। फिर किसी महामानुष के नाम पर और अधिक लोकलुभावन योजनाएं सामने आएंगी। काम कम और प्रचार अधिक होगा। बीच-बीच में पंचायत और निकाय चुनाव में भी जनता को जनार्दन बनाने का ढोंग होता रहेगा। फिर अगला विधानसभा चुनाव आ जाएगा। फिर वहीं प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस बीच में एक पीढ़ी खत्म हो जाएगी। नई पीढ़ी नया वोटर बनकर सामने होगी। उन्हें बरगलाना आसान होगा। अखबार, टीवी और वेबसाइट्स कहते रहेंगे कि वोटर होशियार हो चुका है और नेताओं के झांसे में नहीं आएगा पर हकीकत यह है कि झांसे में नहीं आएगा तो जाएगा कहां। नोटा अब भी बेहतर विकल्प नहीं बन पाया है और शायद ही कभी बन पाए।

लोकतंत्र की यह सनातन प्रक्रिया है और इसमें बहुत आमूलचूल बदलाव की उम्मीद बेमानी है। यह कोई बसंत ऋतु नहीं है कि पूरी आबोहवा बदल देगा। यह तो पीपीटी की स्लाइड की तरह है। लोकतंत्र का स्लाइड शो जारी रहेगा। पात्र बदलते रहेंगे पर कंटेंट में कोई छेड़छाड़ नहीं हो पाएगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

#gaurilankesh : मौत हो तो ऐसी

मौत हो तो ऐसी। एक मिनट पहले तक जिन्हें कर्नाटक के बाहर बहुत अधिक नहीं जाना जाता था, उन्हें मरते ही पल भर में अनंत शोहरत हासिल हो गई। जगह-जगह मातमनुमा उल्लास-उत्सव मनाया जाने लगा। पिघलती मोमबत्तियां अगाध श्रद्धांजलि का भाव पैदा करने लगीं। देश की राजधानी दिल्ली में मातमपुरसी का आयोजन कर राजनीति की रोटियां सेंकी गईं और तमाम सेलिब्रिटी ने अपने जौहर दिखाए। क्या करें भाव भले मातम का न हो, माहौल तो मातम का था न। #gaurilankesh कर्नाटक की पत्रकार की हत्या की खबरें टीवी पर कुछ यूं फ्लैश की गईं: कर्नाटक की पत्रकार #gaurilankesh की हत्या, गौरी हिन्दूवादी राजनीति की धुर विरोधी थीं और भाजपा की नीतियों का विरोध करती थीं। मेरे दस साल के कैरियर में खबर फ्लैश करने का यह नया और आधुनिक तरीका लगा। गौरी लंकेश के बारे में यही पूरी जानकारी थी और उन्हें इससे अधिक समझने का मौका न तो मानस को दिया गया और न ही पत्रकारों ने खुद इसमें अपनी दिलचस्पी दिखाई। मुझे भी उनके बारे में बहुत अधिक जानकारी नहीं थी। लगा कि किसी महिला की हत्या कर दी गई होगी। मुझे क्या पता था कि इसमें बहुत मसाला है और इतना मसाला है कि स...

दिल्ली में हिंसा का 'सालाना जलसा'

दिल्‍ली में हिंसा अब सालाना जलसे की तरह हो गई है. पिछले साल नागरिकता कानून के नाम पर दिल्‍ली को भड़काया गया तो इस बार किसान आंदोलन के नाम पर दिल्‍ली को दहलाया गया. संभव है कि अगले साल कोई और बहाने से किसी और को आगे कर अपना उल्‍लू सीधा किया जाए. कुल मिलाकर सरकार को नवंबर के बाद सचेत हो जाना चाहिए, क्‍योंकि इसकी क्रोनोलॉजी समझना बेहद जरूरी है. वो तो खैर मनाइए कोरोना महामारी का कि दिल्‍ली का दंगा कंट्रोल हो गया, नहीं तो हम वो देखने वाले थे, जो कभी सोच भी नहीं सकते थे. ये जो तस्‍वीरें आप देख रहे हैं, वो आपको विचलित करने के लिए काफी हैं. गणतंत्र दिवस जैसे गौरवशाली दिन, जब हमें दुनिया को अपना गौरव दिखाना होता है, उस दिन को आंदोलन के नाम पर राष्‍ट्रीय शर्म बना दिया गया. एक तरफ जवान दुनिया के सामने अपना फौलादी इरादा जाहिर कर रहे थे तो दूसरी ओर, दिल्‍ली को दहलाने के लिए कुछ साजिशें कुछ कर गुजरने के लिए बेकरार हो रही थीं. तभी तो तय समय से पहले कई जगहों पर दिल्‍ली पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की खबरें आने लगीं. यह पहले से तय था कि आज का दिन भारी साबित होने वाला है, फिर भी सरकार और दिल्‍ली पुलि...

हमले अच्छे हैं!

ये कैसा इत्तेफाक है कि जिस आतंकवाद (टेररिज्म) से फ्रांस इस पूरे साल त्रस्त रहा, वहीं पर टेररिज्म शब्द इजाद किया गया था। टेररिज्म लैटिन शब्द टेरर से बना है, जिसका अर्थ भयभीत करना होता है। दरअसल फ्रांस में 1793 से 1794 के बीच के शासन को रिजिन ऑफ टेरर कहा जाता है। उस समय फ्रांस पर जैकोबिन का शासन था। उसके शासन को गाली देने के लिए तब के लोग इस शब्द का प्रयोग करने लगे। इस शब्द को और चर्चा उस समय मिली, जब 1869 में रूस के सर्गेई नेकावेव ने खुद पीपल्स रिट्रीब्यूशन की स्थापना कर खुद को टेररिस्ट घोषित कर लिया। यह वह वर्ष था, जब हमारे राष्ट्रपिता और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी पैदा हुए थे। आज टेररिज्म शब्द अंतरराष्ट्रीय पटल पर काफी मशहूर शब्द है। क्यों? क्योंकि अब शक्तिशाली और दादा कहे जाने वाले देश भी इससे भयभीत हो चले हैं। पहले उनके लिए इस शब्द का कोई अर्थ ही नहीं था, क्योंकि आतंकवादियों की पहुंच इन तक नहीं थी लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय आतंक के गुरु ओसामा बिन लादेन ने अमेरिका जैसे शक्तिशाली देश पर भी हमला बोल दिया तब माना गया कि आतंकवाद जैसा भी कुछ होता है। विश्व बिरादरी में हाहाकार मच गय...