सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

क्‍योंकि दलित शब्‍द बिकता है

div dir="ltr" style="text-align: left;" trbidi="on"> देश भर में यह बहस चल पड़ी है कि रोहित वेमुला दलित था या नहीं। सत्तापक्ष कह रहा है कि वह दलित नहीं था और विपक्ष उसके दलित होने पर अपना वीटो लगा रहा है। चिंता की बात तो यह है कि सामाजिक चिंतक, विश्लेषक और पत्रकार भी इस बहस का हिस्सा बन गए हैं। इस देश में किसी की मौत सनसनी नहीं है। सनसनी है उसका दलित होना या न होना। रोहित की आत्महत्या के बाद तो हमें अपने सिस्टम की खामियों को दुरुस्त करने को लेकर बहस छेड़नी चाहिए थी पर अफसोस! हम तो अभी इस जाल में फंसे हैं कि दलित मरा या गैरदलित। कोई नहीं कह रहा कि एक छात्र मरा, एक इंसान मरा, एक मां का बेटा मरा या फिर एक बहन का भाई मरा। इंसान होना, एक छात्र होना, एक मां का बेटा होना, एक बहन का भाई होना किसी के लिए मायने नहीं रखता। मायने रखता है उसका दलित होना या न होना। क्‍योंकि दलित शब्‍द बिकता है।

ये किस तरह की मातमपुरसी है? चलो राजनीति करनी है, अपनी जमीन मजबूत करनी है या तलाश करनी है या खोई जमीन हासिल करनी है तो शौक से करो लेकिन इतना मत गिर जाओ। विपक्षी नेताओं को दलित कार्ड खेलने का मौका मिला है। कई छोटी पार्टियों को भी इसमें अपने लिए अवसर और विस्तार का मौका दिख रहा है। दूसरी ओर सत्ता शीर्ष विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए बड़े-बड़े मंत्रियों से प्रेस कांफ्रेंस करवा रहा है। बाकी देश जाए भाड़ में। उधर एक छात्र मरा, दूसरी तरफ मौका मिल गया हीरो बनने और विलेन बनाने का। छाती पीटकर सामाजिक न्याय की दुहाई दी जा रही है। सरकार और विपक्ष दोनों ही तरफ से यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि जो कुछ भी हो सकता है, वे ही करने वाले हैं। 70 साल तक राजनेता सामाजिक न्याय की ही दुहाई दे रहे हैं और अब तक रोहित वेमुला जैसे लोग इसके शिकार हो रहे हैं। ये मातमपुरसी तब तक होती रहेगी, जब तक कोई दूसरा रोहित शिकार नहीं हो रहा। तब राजनीति का केंद्र हैदराबाद न होकर कोई और शहर हो जाएगा। तब रोहित वेमुला इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा।

याद होगा आपको, महाराष्ट्र में एक दीन हीन महिला के घर राजनेता रोटी खाने जाते थे। यह दिखाने के लिए कि वो किसानों, भूखों, नंगों के माई-बाप हैं। दुर्भाग्यवश वो महिला भूख से ही मारी गई और उसका कोई पुरसाहाल न रहा। अभी पिछले साल पंजाब में राजनेता एक किसान के घर गए और ठीक एक माह बाद उस किसान ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी थी। किसान तब भी मर रहे थे और अब भी मर रहे हैं और आगे भी मरते रहेंगे। अभी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जिस दिन बुंदेलखंड गए थे, उसी दिन कर्ज के बोझ तले दबे एक किसान फंदे पर लटक गया। यह उस किसान के लिए त्रासदी नहीं थी। यह मुख्यमंत्री के लिए त्रासदी थी। यह उनके और उनसे पहले के मुख्यमंत्रियों के लिए लानत थी। मुख्यमंत्री और अन्य राजनेता यह समझें या नहीं समझें। थेथरई करने के लिए तो दुनिया बनी ही है और लोग कर ही रहे हैं।

रोहित मरते रहेंगे। राजनीति होने तक यह रुकने वाली नहीं है। क्योंकि सिस्टम तब तक नहीं सुधरेगा, जब तक सिस्टम नहीं सुधरेगा और राजनीति सिस्टम सुधारने नहीं देगी। रोहित की मौत को व्यर्थ न जाने दीजिए। राजनीति को इस मुद्दे पर हावी न होने दीजिए। जिसको राजनीति करनी है, करने दीजिए। कम से कम हम और आप सिस्टम की बात करें। सिस्टम सुधारना तो दूर की बात है। आइए पहले हम सिस्टम की बात करें, क्योंकि बात निकलेगी तभी दूर तलक जाएगी।

टिप्पणियाँ

  1. लोगों को एक मौका चाहिए कि वह दलित था यह नहीं क्योंकि सिस्टम ही काफी विगड़ा हुआ है सर जी कहीं सिस्टम नाम कोई चीज ही नहीं रह गई। सरकारें अपना भला सोचती हैं किसी किसान की जान की क्या वैल्यू क्या? जब सरकार नहीं होती हैं तो नेता लोग उन्हें अपना हितैषी कहते हैं।

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

#Nitish को समझना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है

बिहार की राजनीति एक बार फिर से करवट ले रही है। महागठबंधन के नेताओं के रोज आ रहे नए-नए बयान सुर्खियां बन रहे हैं। आम के मौसम में जनता परिवार के बीच खटास बढ़ती जा रही है। हर एक बयान के बाद डैमेज कंट्रोल की कोशिश हो रही है तब तक एक नया बयान आ जाता है। रिश्‍ते तल्‍ख हो रहे हैं और बदलाव की आहट हर रोज सुबह के साथ महसूस हो रही है और शाम को फिर समन्‍वय की कोशिश हो रही होती है। छटपटाहट सभी को है पर पहल कौन करे। जाहिर है पहल नीतीश कुमार को ही करनी होगी क्‍योंकि लालू यादव ऐसा करने से रहे। केंद्र के बाद अब वे किसी भी कीमत पर बिहार की सत्‍ता से विमुख होना नहीं चाहेंगे। ऐसा नहीं है कि महागठबंधन में आई दरार का एकमात्र कारण राष्‍ट्रपति चुनाव ही है। इसकी खिचड़ी तब से पक रही थी, जब नीतीश कुमार को यह भान हो गया कि लालू प्रसाद यादव के साथ सरकार चलाने में उनकी ही मिट़टी पलीद होनी है। उनकी ही छवि को बट़टा लगेगा, क्‍योंकि लालू यादव जो कर रहे हैं वो उनके लिए नैसर्गिक है। उनका वोट बैंक भी यही चाहता है। इसलिए उन्‍हें कोई नुकसान नहीं है। नुकसान हर हाल में नीतीश कुमार को ही होना है। पिछले चुनाव में भी उन्...

बिहार चुनाव जीतने में जुबां बनी बाधा

बिहार में एनडीए की हार क्या दिल्ली के इर्द-गिर्द हुई घटनाओं से तय होगी। एक से एक घटनाएं हो रही हैं जिसमें बेशक एनडीए सरकारों का कोई हाथ नहीं है पर जिम्मेदारी से वे बच नहीं सकते। खास बात यह है कि  बिहार में भाजपा दलितों को ही साधने में लगी हुई है। इसी कारण वहां पार्टी ने दो दलित नेताओं राम विलास पासवान और जीतन राम मांझी पर दांव लगाया है लेकिन हरियाणा की घटनाओं से ये दोनों ही नेता बिदक गए हैं। हरियाणा में हुई दलित परिवारों के साथ लगातार हुई दूसरी घटना से भारतीय जनता पार्टी अपनों के निशाने पर आ गई है। इसके बाद केंद्र और राज्य सरकार के मंत्रियों की बयानबाजी ने आग में घी का काम किया है। दूसरी ओर, बिहार में इन्हीं सब घटनाओं और बयानवीरों का बखान कर महागठबंधन अपनी पैठ बनाने में जुट गया है। जुबान के जले : ऐसे तो नेताओं की बयानबाजी अपने आप में अनोखी मानी जाती है। जानते वे ए के बारे में हैं और बताते जेड के बारे में। ऐसी बयानबाजी से ही नेता बिरादरी एक दूसरे को आगे-पीछे करने में लगी रहती है। एक नेता बयान देने वाला होता है तो दूसरा लपकने वाला। इसी तरह नेता बिरादरी एक-दूसरे की टांग खींचने म...

हमले अच्छे हैं!

ये कैसा इत्तेफाक है कि जिस आतंकवाद (टेररिज्म) से फ्रांस इस पूरे साल त्रस्त रहा, वहीं पर टेररिज्म शब्द इजाद किया गया था। टेररिज्म लैटिन शब्द टेरर से बना है, जिसका अर्थ भयभीत करना होता है। दरअसल फ्रांस में 1793 से 1794 के बीच के शासन को रिजिन ऑफ टेरर कहा जाता है। उस समय फ्रांस पर जैकोबिन का शासन था। उसके शासन को गाली देने के लिए तब के लोग इस शब्द का प्रयोग करने लगे। इस शब्द को और चर्चा उस समय मिली, जब 1869 में रूस के सर्गेई नेकावेव ने खुद पीपल्स रिट्रीब्यूशन की स्थापना कर खुद को टेररिस्ट घोषित कर लिया। यह वह वर्ष था, जब हमारे राष्ट्रपिता और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी पैदा हुए थे। आज टेररिज्म शब्द अंतरराष्ट्रीय पटल पर काफी मशहूर शब्द है। क्यों? क्योंकि अब शक्तिशाली और दादा कहे जाने वाले देश भी इससे भयभीत हो चले हैं। पहले उनके लिए इस शब्द का कोई अर्थ ही नहीं था, क्योंकि आतंकवादियों की पहुंच इन तक नहीं थी लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय आतंक के गुरु ओसामा बिन लादेन ने अमेरिका जैसे शक्तिशाली देश पर भी हमला बोल दिया तब माना गया कि आतंकवाद जैसा भी कुछ होता है। विश्व बिरादरी में हाहाकार मच गय...