सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

गुम होते जवाब


सवाल हावी हो रहे हैं और जवाब गुम। सवाल के जवाब में नए सवाल हैंपर जवाब नहीं है। छोटे सवाल के जवाब में बड़ा सवाल है। प्रश्नोत्तर की विधा प्रश्न और प्रश्न के खेल में दफन होती जा रही है। अब यह प्रश्न बड़ा हो चला है कि मेरा प्रश्न बड़ा है कि तुम्हारा। जवाब के कोई मायने नहीं हैं और जवाब कोई चाह भी नहीं रहा है।  ये कोई एक आदमी कर रहा है, एक संस्था कर रही है या फिर सरकार कर रही है, यह कहना गलत होगा। यह हम सब मिलकर कर रहे हैं। जो यह नहीं कर रहा है, हम उसका उपहास उड़ा रहे हैं, वैचारिक रूप से उस पर हमला बोल रहे हैं।  हम आपस में एक दूसरे की आवाज को दबाना चाहते हैं और अपनी आवाज को भी धार नहीं दे पा रहे हैं।

घोटाले का जवाब घोटाला है। मेरा घोटाला छोटा और तुम्हारा घोटाला बड़ा। मेरे राज्य में क्राइम कम और तुम्हारे राज्य में ज्यादा। मेरा राज्य अच्छा और तुम्हारा राज्य बुरा। मेरा अपराध छोटा और तुम्हारा अपराध फांसी पर चढ़ने लायक। बहस का दायरा इसी मेरे और तेरे में सिमटता जा रहा है। अखबार, टीवी और सोशल मीडिया के डिबेट में इसे लगातार बल मिल रहा है। तर्क गायब होता जा रहा है। जब सवाल नहीं होंगे तो तर्क कहां से होगा?  तर्क नहीं होगा तो अच्छा निष्कर्ष कैसे आएगा? किसी भी मुद्दे के पक्ष और विपक्ष में बहस का धु्रवीकरण हो रहा है। तीसरा पक्ष गायब होता जा रहा है। बीच का मत कोई मत नहीं है। इस बात को बल मिल रहा है कि या तो आप पक्ष में हैं या फिर विपक्ष में। अगर आप दोनों में से किसी तरफ नहीं हैं तो फिर आप कहीं नहीं हैं। यह अतिवाद है, जिसमें बीच का कोई रास्ता नहीं होता है।

सवाल यह है कि अखलाक को मार डालने की घटना के बाद क्यों किसी का मन विचलित नहीं होता?  यह तल्ख सवाल है, जो हम खुद से भी नहीं पूछ पा रहे हैं। गाय का मांस  खाने का आरोप लगाकर हम एक  आदमी को मार देते हैं और हमें कोई फर्क भी नहीं पड़ता। किस जमाने में हम जी रहे हैं आखिर। हम कबाइली हैं। घटना तो नई दिल्ली के पास हुईपर ऐसा लगा कि यह अफगानिस्तान के किसी शहर में हुई है। घटना का स्वरूप वैसा ही था, जैसा बोको हरम और सोमालियन डाकू अंजाम देते हैं। आईएसआईएस भी ऐसे ही घटनाओं को अंजाम देता है। खौफ और दहशत के छौंक सेपूरी तरह भरी हुई थी यह घटना। निर्भया के साथ वहशीपन होता है तो हम सड़कों पर निकल जाते हैं और अखलाक की मौत हमें झकझोर भी नहीं पाती। क्या अखलाक इतने का भी हकदार नहीं था? और क्या इतना करके हम अपने पापों का प्रायश्चित नहीं कर सकते थे? क्या अखलाक को मारने के बाद उठे सवालों का जवाब 1984 का दंगा है?

चौथा स्तंभ खासकर टीवी न्यूज चैनलों का रुख और भी घटिया हो चला है। जनसरोकार की खबर अब उनके लिए मायने नहीं रखती। रोजाना पक्ष और विपक्ष के बक बक को परोसना ही अब पत्रकारिता का धंधा रह गया है। हां, इतना एहसान वे जरूर करते हैं कि  बक बक को वे टाइम फ्रेम में परोसते हैं नहीं तो अझेल हो जाता। उसमें भी एंकर का सवाल जवाब कराने का तरीका और पूछने वाले सवालों की फेहरिस्त पर आप गौर करेंगे तो माथा पीट लेंगे। सवाल प्रायोजित भी होने लगे हैं। ऊपर इसका जिक्र करना रह गया था। कुछ एंकरों और नेताओं की ऑफ स्क्रीन बातचीत वायरल हो चुकीहै, जिसमें वे क्या बात करते हैं यह बताने की जरूरत नहीं है।  आप टीवी देखते हैं तो देखते रहिए। मना नहीं है पर अपना दिमाग भी लगाते रहिए, खपाते रहिए वरना आपकी सोच का बैंक बैलेंस ये टीवी वाले कब खंगाल लेंगे, आपको पता भी नहीं चलेगा। टीवी वाले हमें और आपको बांट रहे हैं। इनको भी तीसरा पक्ष पसंद नहीं है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

#gaurilankesh : मौत हो तो ऐसी

मौत हो तो ऐसी। एक मिनट पहले तक जिन्हें कर्नाटक के बाहर बहुत अधिक नहीं जाना जाता था, उन्हें मरते ही पल भर में अनंत शोहरत हासिल हो गई। जगह-जगह मातमनुमा उल्लास-उत्सव मनाया जाने लगा। पिघलती मोमबत्तियां अगाध श्रद्धांजलि का भाव पैदा करने लगीं। देश की राजधानी दिल्ली में मातमपुरसी का आयोजन कर राजनीति की रोटियां सेंकी गईं और तमाम सेलिब्रिटी ने अपने जौहर दिखाए। क्या करें भाव भले मातम का न हो, माहौल तो मातम का था न। #gaurilankesh कर्नाटक की पत्रकार की हत्या की खबरें टीवी पर कुछ यूं फ्लैश की गईं: कर्नाटक की पत्रकार #gaurilankesh की हत्या, गौरी हिन्दूवादी राजनीति की धुर विरोधी थीं और भाजपा की नीतियों का विरोध करती थीं। मेरे दस साल के कैरियर में खबर फ्लैश करने का यह नया और आधुनिक तरीका लगा। गौरी लंकेश के बारे में यही पूरी जानकारी थी और उन्हें इससे अधिक समझने का मौका न तो मानस को दिया गया और न ही पत्रकारों ने खुद इसमें अपनी दिलचस्पी दिखाई। मुझे भी उनके बारे में बहुत अधिक जानकारी नहीं थी। लगा कि किसी महिला की हत्या कर दी गई होगी। मुझे क्या पता था कि इसमें बहुत मसाला है और इतना मसाला है कि स...

राम मंदिर निर्माण के लिए बरस रहा पैसा

  इस समय पूरा देश राममय हो गया है. राम भक्‍ति में सराबोर देशवासियों ने मात्र 72 घंटों में 246 करोड़ रुपये दान के रूप में दिया है. छोटा हो गया बड़ा, इस दान के कार्य में अधिकांश देशवासी अपना योगदान दे रहा है. राम मंदिर के लिए हर घंटे 3.41 करोड़ रुपये जमा हो रहे हैं. अगर इसे मिनट में बांटे तो एक मिनट में 57 लाख रुपये जमा हो रहे हैं.  42 दिन तक चंदा इकट्ठा करने का काम. चलेगा और इसकी रकम एसबीआई, पीएनबी और बैंक ऑफ बड़ौदा में जमा की जा रही है. बैंकों के कुल 46000 ब्रांचों से पूरे देश को कवर किया जाएगा. 15 से 31 जनवरी तक रशीद काटकर चंदा जुटाया जाएगा. एक से 27 फरवरी तक कूपन के जरिए चंदा जुटाया जाएगा. चंदे के लिए 10, 100 और 1000 रुपये के कूपन जारी किए जाएंगे. 100 रुपये के 8 करोड़ कूपन छापे जाएंगे तो 10 रुपये के 4 करोड़ और 1000 रुपये के चंदे के लिए 12 लाख कूपन छापे जाएंगे.  विहिप और आरएसएस से जुड़े 40,00,000 कार्यकर्ताओं को दी गई है. इसके लिए 10 लाख टोली बनाई गई है, हर चार टोली पर एक कलेक्‍टर बनाया गया है, जिसकी जिम्‍मेदारी बैंक में पैसा जमा कराने की होगी. अब तक का सबसे बड़ा 11 कर...

दिल्ली में हिंसा का 'सालाना जलसा'

दिल्‍ली में हिंसा अब सालाना जलसे की तरह हो गई है. पिछले साल नागरिकता कानून के नाम पर दिल्‍ली को भड़काया गया तो इस बार किसान आंदोलन के नाम पर दिल्‍ली को दहलाया गया. संभव है कि अगले साल कोई और बहाने से किसी और को आगे कर अपना उल्‍लू सीधा किया जाए. कुल मिलाकर सरकार को नवंबर के बाद सचेत हो जाना चाहिए, क्‍योंकि इसकी क्रोनोलॉजी समझना बेहद जरूरी है. वो तो खैर मनाइए कोरोना महामारी का कि दिल्‍ली का दंगा कंट्रोल हो गया, नहीं तो हम वो देखने वाले थे, जो कभी सोच भी नहीं सकते थे. ये जो तस्‍वीरें आप देख रहे हैं, वो आपको विचलित करने के लिए काफी हैं. गणतंत्र दिवस जैसे गौरवशाली दिन, जब हमें दुनिया को अपना गौरव दिखाना होता है, उस दिन को आंदोलन के नाम पर राष्‍ट्रीय शर्म बना दिया गया. एक तरफ जवान दुनिया के सामने अपना फौलादी इरादा जाहिर कर रहे थे तो दूसरी ओर, दिल्‍ली को दहलाने के लिए कुछ साजिशें कुछ कर गुजरने के लिए बेकरार हो रही थीं. तभी तो तय समय से पहले कई जगहों पर दिल्‍ली पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की खबरें आने लगीं. यह पहले से तय था कि आज का दिन भारी साबित होने वाला है, फिर भी सरकार और दिल्‍ली पुलि...